Advertisement

‘दिशा’ समिति की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश

‘दिशा’ समिति की बैठक संपन्न, विकास योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर, 26 मई 2026। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को समाहरणालय सभागार में सांसद सह समिति अध्यक्ष डॉ. राज भूषण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग पूर्वी-1 की 394 योजनाओं में से 312, पूर्वी-2 की 134 में से 124 तथा पश्चिम क्षेत्र की 79 में से 76 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। सांसद ने शेष योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

भवन निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मुजफ्फरपुर में 2000 दर्शक क्षमता वाले अत्याधुनिक प्रेक्षागृह का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे 15 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा मुसहरी, सकरा, बंदरा, पारू, मोतीपुर और कुढ़नी प्रखंडों में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिले के विभिन्न प्रखंडों में अंचल कार्यालय सह आवासीय परिसर और पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। जानकारी दी गई कि स्वीकृत 175 पंचायत सरकार भवनों में से 38 बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 33 निर्माणाधीन हैं।

विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि शहरी क्षेत्रों में 23 से 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 22 से 23 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 3980 आवेदनों में से 1205 उपभोक्ताओं के यहां सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। वहीं जिले में 8 लाख 18 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।

बैठक में खेलो इंडिया योजना के तहत खेल अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मुसहरी प्रखंड में छह स्थानों पर खेल सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल टर्फ, हॉकी मैदान और मल्टीपर्पस इंडोर हॉल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीकाकरण अभियान की प्रगति पर संतोष जताया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 94 प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण पूरा किया जा चुका है। वहीं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं एवं संस्थागत प्रसव की उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।

दिव्यांगजनों के प्रमाणीकरण, यूडीआईडी कार्ड निर्माण, उद्योग विभाग की ऋण योजनाओं, श्रमिक निबंधन, नल-जल योजना तथा हैंडपंप संचालन की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

विद्यालयों में जूनियर शिक्षकों को प्रभारी बनाए जाने तथा शिक्षा व्यवस्था में अनियमितता संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित करने की जानकारी दी। संबंधित अधिकारी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

बैठक के अंत में सांसद डॉ. राज भूषण चौधरी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ जनहित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद दिनेश कुमार सिंह, बंशीधर ब्रजवासी, विधायक अजीत कुमार, अरुण कुमार सिंह, बेबी कुमारी, कोमल सिंह, महापौर, जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र, उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।