Advertisement

झरिया में जर्जर सड़क पर माले का अल्टीमेटम, 7 दिन में मरम्मत नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

-झरिया में जर्जर सड़क पर माले का अल्टीमेटम, 7 दिन में मरम्मत नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

झरिया। सतीश कुमार।
झरिया क्षेत्र के पाथरडीह-झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित नुनुडीह मोड़ पर जर्जर सड़क और जलापूर्ति पाइप फटने से उत्पन्न समस्या को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। फटे पाइप से लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर दर्जनों गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बड़े वाहनों की आवाजाही से गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं। राहगीरों, स्कूली बच्चों और छोटे वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। आए दिन छोटी-छोटी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को माले के बैनर तले सबूर गोराई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। माले नेताओं ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर पानी के बहाव को रोककर सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
नेताओं ने आरोप लगाया कि जहां सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, वहां ध्यान नहीं दिया जा रहा, जबकि सही सड़कों पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले आश्वासन दिया गया था कि रामनवमी के बाद मरम्मत कार्य शुरू होगा, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई है।
माले प्रखंड सचिव सोनू गोराई ने बताया कि इस संबंध में वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है।
मौके पर अशोक चक्रवर्ती, सोनू गोराई, महादेव चक्रवर्ती, मंगल मुरमुर समेत दर्जनों स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण मौजूद रहे।