Advertisement

डॉ विनीता झा का विदाई समारोह सम्पन्न, भावुक माहौल में दी गई विदाई

-डॉ विनीता झा का विदाई समारोह सम्पन्न, भावुक माहौल में दी गई विदाई

मुजफ्फरपुर। महन्त दर्शन दास महिला महाविद्यालय में सोमवार को महाविद्यालय शिक्षक संघ के तत्वावधान में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ विनीता झा के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावुक माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक संघ की सचिव डॉ कुमारी सरोज ने की। अपने अध्यक्षीय भाषण में उन्होंने डॉ विनीता झा के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक कुशल प्राध्यापक के साथ-साथ एक संवेदनशील और सशक्त इंसान थीं। अपनी कर्मठता और जुझारूपन से उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई और शिक्षक संघ के विकास में अहम भूमिका निभाई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अलका जायसवाल ने कहा कि डॉ झा का व्यक्तित्व सबसे अलग था। उन्होंने हमेशा सहयोग और मार्गदर्शन देकर संस्थान को मजबूत बनाया और अपनी सेवाओं का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया।


प्रोफेसर जयकांत सिंह जय ने उनके अध्यापकीय जीवन को संघर्ष की महागाथा बताते हुए कहा कि उनमें कर्तव्यबोध कूट-कूट कर भरा था। वहीं, डॉ रमेश ऋतंभर ने कहा कि डॉ झा एक सफल प्राध्यापिका रही हैं और उनके विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं।
डॉ किरण झा ने शिक्षक संघ को मजबूत आधार देने में उनके योगदान की सराहना की और एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। डॉ नवनीता कुमारी, डॉ अर्चना तिवारी, प्रो. प्रांजलि, प्रो. शगुफ्ता नाज़ और डॉ प्रियम फ्रांसिस समेत कई शिक्षकों ने अपने विचार रखते हुए उनके व्यक्तित्व, अनुशासन और बौद्धिक योगदान की प्रशंसा की।
अंत में डॉ विनीता झा ने अपने संबोधन में कहा कि 34 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने हमेशा अपने कर्तव्यों और मूल्यों को प्राथमिकता दी तथा ईमानदारी से कार्य किया। उन्होंने अपने शैक्षिक जीवन को गरिमामय बनाए रखने के लिए ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक-प्राध्यापिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन भावभीनी विदाई के साथ हुआ।