-मुजफ्फरपुर में नहर पुल की रेलिंग क्षतिग्रस्त, हादसे की आशंका से दहशत
मुजफ्फरपुर। मुसहरी प्रखंड के तिरहुत नहर अंतर्गत गंगापुर नहर पुल की ऊपरी रेलिंग क्षतिग्रस्त हो जाने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि तिरहुत नहर के जीर्णोद्धार कार्य में लगे संवेदक के टैंकर और हाईवा की टक्कर से पुल की रेलिंग कई जगहों पर टूट गई है।
इस क्षति के कारण पुल से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है और कभी भी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

यह पुल मुसहरी प्रखंड को गंगापुर, प्रहलादपुर, सगहरी, चक अहलेदाद, रघुनाथपुर और सभापुर समेत कई गांवों से जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
खासकर मजदूर वर्ग के लोग रात के समय इसी पुल से होकर घर लौटते हैं। अंधेरे में टूटी रेलिंग के कारण हादसे का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब पुल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।











