-पटना में बिजली व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी, चार नए पावर सब स्टेशन से 5 लाख लोगों को मिलेगी राहत
पटना | 5 मार्च 2026 (ब्यूरो):
राजधानी पटना में गर्मियों के दौरान बिजली ओवरलोड की समस्या से निपटने के लिए बड़ी तैयारी की जा रही है। शहर में चार नए पावर सब स्टेशन (PSS) का निर्माण किया जा रहा है, जिससे करीब 5 लाख से अधिक लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
पेसू के जीएम दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि हर साल गर्मियों में बिजली की बढ़ती खपत को देखते हुए नए पावर सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष पेसू पश्चिमी क्षेत्र के आसोपुर, उसरी और बिहटा में नए पावर सब स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जबकि पेसू पूर्वी क्षेत्र के जगनपुरा के खेमनीचक इलाके में भी पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि राजधानी में पहले से ही 75 से अधिक पावर सब स्टेशन संचालित हैं और बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नए सब स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। इससे गर्मियों में अधिक बिजली खपत होने के बावजूद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

5 लाख से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ:
नए पावर सब स्टेशनों के चालू होने से लगभग 5 लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। आसोपुर पावर सब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे चालू भी कर दिया गया है। सभी नए सब स्टेशनों पर 10 एमवीए के दो-दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। आसोपुर पावर सब स्टेशन में ट्रांसफॉर्मर की चार्जिंग और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए तैयारी:
बीते दो वर्षों में गर्मियों के दौरान पटना में रोजाना बिजली की खपत 1000 मेगावाट से अधिक पहुंच गई थी। इसके बावजूद पेसू ने निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। इस वर्ष गर्मियों में बिजली खपत 1200 से 1400 मेगावाट तक पहुंचने का अनुमान है।
वहीं पूरे बिहार में गर्मियों के समय बिजली की मांग करीब 10 हजार मेगावाट तक पहुंच जाती है, जिसे नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा सुचारू रूप से पूरा किया जा रहा है।












