Advertisement

मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा टला: चलती बस से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

-मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा टला: चलती बस से उठा धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरपुर। रेवा रोड पताही के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब यात्रियों से भरी एक बस से अचानक धुआं निकलने लगा। बस में बैठे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और सभी घबराकर नीचे उतरने लगे। गनीमत रही कि समय रहते बस रोक दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की पैसेंजर बस छपरा से दरभंगा जा रही थी। इसी दौरान रेवा रोड पताही के पास बस के इंजन हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया।


बस रुकते ही यात्री हड़बड़ाकर नीचे उतर गए। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग को जानकारी दी गई। बाद में यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इस घटना से परिवहन विभाग की बसों की मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बसों की नियमित जांच और मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।