Advertisement

मुजफ्फरपुर में खेत से युवक का लहूलुहान शव बरामद, हत्या की आशंका से सनसनी

-मुजफ्फरपुर में खेत से युवक का लहूलुहान शव बरामद, हत्या की आशंका से सनसनी

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेत में एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव की है।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जमीन पर पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर गांव में आग की तरह फैल गई और घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। शव की हालत देखकर लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के कई निशान मिले हैं, जिससे बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग चाकू से हमला या गोली मारकर हत्या की अटकलें लगा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।


वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से सबूतों का संकलन किया जा सके। वहीं टीम के देर से पहुंचने के कारण जांच और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने में विलंब हुआ, जिस पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह वारदात एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।