–भूमि विवाद शिविर के दौरान अंचलाधिकारी की बिगड़ी तबीयत, बेहोश होकर गिरे, बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर
राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित भूमि विवाद निवारण शिविर के दौरान अंचलाधिकारी गौरव कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार वे जाफरपट्टी पंचायत के दो पक्षों के बीच चल रहे भूमि विवाद की सुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तेज बहस और हंगामा शुरू हो गया, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शोर-शराबे के बीच अंचलाधिकारी को चक्कर आने लगा। वे तुरंत अपने कार्यालय कक्ष में चले गए, जहां कुर्सी से अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अंचल कर्मी दौड़कर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर ले जाया गया।

स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय और डॉ. श्यामनंदन प्रसाद ने प्राथमिक उपचार किया। उनका बीपी, ईसीजी समेत अन्य जरूरी जांच की गई और सलाइन चढ़ाया गया। इलाज के बाद होश आने पर उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। हालांकि बेहतर उपचार के लिए डॉक्टरों ने उन्हें इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पटना रेफर कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही उनकी मां, परिजन और संबंधी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और बाद में उन्हें अपने साथ पटना ले गए। सूत्रों के अनुसार अंचलाधिकारी लंबे समय से अत्यधिक कार्यभार के कारण तनाव में थे। फार्मर रजिस्ट्रेशन, जनता दरबार, भूमि विवाद शिविर सहित विभिन्न प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते वे सुबह 7 बजे से देर रात तक लगातार काम करते थे। छुट्टी न मिलने और लगातार व्यस्तता के कारण वे मानसिक दबाव में भी रहते थे।
इस घटना के बाद अंचल कार्यालय के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों के बढ़ते कार्यभार पर चिंता जताई है और उनके स्वास्थ्य की देखभाल के लिए उचित व्यवस्था की मांग की है।












