-“लापता की तलाश” पोस्टर से सियासी बवाल, बिहार बीजेपी का तेजस्वी यादव पर तीखा तंज
पटना। ब्यूरो।
बिहार की राजनीति में एक बार फिर पोस्टर वार शुरू हो गया है। बिहार भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार सुबह एक ऐसा पोस्टर जारी किया है, जिससे सियासी हलचल तेज़ हो गई है। बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए “लापता की तलाश” शीर्षक से एक पोस्टर जारी किया है, जिसे सोशल मीडिया पर साझा किया गया है।
पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर के साथ लिखा गया है—
नाम: तेजस्वी यादव
पहचान: 9वीं फेल
आखिरी बार कब देखा गया: मीडिया से मुंह छिपाकर भागते हुए
बीजेपी के इस पोस्टर को तेजस्वी यादव की लगातार चुप्पी और बिहार से अनुपस्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव 2 दिसंबर की शाम पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे, जिसके बाद अब तक वे पटना नहीं लौटे हैं। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ विदेश यात्रा पर हैं और फिलहाल यूरोप में समय बिता रहे हैं। माना जा रहा है कि वे क्रिसमस और नए साल के बाद ही बिहार लौटेंगे।

गौरतलब है कि 18वीं बिहार विधानसभा का पहला सत्र 1 दिसंबर से 5 दिसंबर तक चला था। पहले दिन शपथ ग्रहण समारोह और दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के दौरान तेजस्वी यादव सदन में मौजूद रहे, लेकिन तीसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण के समय वे अनुपस्थित थे। दूसरे दिन की कार्यवाही के बाद ही वे दिल्ली रवाना हो गए थे।
बीजेपी का आरोप है कि बिहार विधानसभा चुनाव में राजद को करारी हार मिलने के बाद से ही तेजस्वी यादव मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद वे न तो खुलकर मीडिया के सामने आए और न ही किसी सवाल का जवाब दिया। बीजेपी ने इसी चुप्पी को लेकर तंज कसते हुए यह पोस्टर जारी किया है।
गौरतलब है कि हालिया विधानसभा चुनाव में राजद महज 25 सीटों पर सिमट गई थी, जबकि एनडीए ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। बीजेपी का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष की गैरमौजूदगी और चुप्पी जनता के सवालों से भागने का संकेत है, वहीं राजद की ओर से इस पोस्टर पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस पोस्टर को लेकर बयानबाज़ी और तेज़ होगी।











