-बीएचयू के भारत कला भवन में “Dhaka to Banaras” प्रदर्शनी का कुलपति ने किया भव्य शुभारंभ
वाराणसी।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रतिष्ठित संग्रहालय भारत कला भवन में सोमवार को “Dhaka to Banaras” द्वि-कलाकार प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन माननीय कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी द्वारा किया गया। कुलपति की गरिमामयी उपस्थिति ने इस प्रदर्शनी की सृजनात्मकता और सांस्कृतिक ऊर्जा को नया आयाम प्रदान किया।
इस प्रदर्शनी में Md. Fariaz Emran और Niharika Awhona Barsaat की उत्कृष्ट कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं, जिनका क्यूरेशन डॉ. राजीव मंडल ने किया है। यह अनूठी प्रदर्शनी ढाका और बनारस की सांस्कृतिक चेतना, परंपरा और कला-भावना का साझा दृश्य संवाद प्रस्तुत करती है।
उद्घाटन के अवसर पर कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने कहा,
“भारत कला भवन, बीएचयू की सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र है। यहाँ की वीथिका प्राचीन से लेकर समकालीन कला तक, सबको समान रूप से मंच देती है। हर प्रदर्शनी यहाँ शोध, संवाद और सृजनात्मक अनुभव का नया अध्याय जोड़ती है।”
भारत कला भवन के निदेशक प्रो. श्रीरूप रायचौधुरी ने इसे “दो शहरों की सांस्कृतिक चेतना का जीवंत संवाद” बताया, वहीं उप-निदेशक डॉ. निशांत ने कहा कि यह प्रदर्शनी “सृजनात्मक विकास और संग्रहालय शिक्षा का महत्वपूर्ण संसाधन” है।
फरियाज़ की कलाकृतियाँ जहाँ प्राचीन हड़प्पाई रूपों से प्रेरित हैं, वहीं निहारिका की रचनाएँ भारतीय लघुचित्र, वस्त्र-शिल्प और अलंकरण की परंपरा को समकालीन रूप में पुनर्परिभाषित करती हैं। प्रदर्शनी रंग, रूप और स्थान के माध्यम से एक संवेदनशील सांस्कृतिक यात्रा का मानचित्र प्रस्तुत करती है।
यह प्रदर्शनी 10 से 14 नवम्बर 2025 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक दर्शकों के लिए भारत कला भवन, बीएचयू में खुली रहेगी।
इस अवसर पर सहायक संग्रहाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. प्रियंका चंद्रा, डॉ. दीपक भरथन अलथुर, अनुभाग अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सहित भारत कला भवन के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
#BHU #IndiaArtHeritage #DhakaToBanaras #BharatKalaBhavan #ArtExhibition #CulturalDialogue #VaranasiNews #IndianArt #BanarasCulture

















