Advertisement

10 हजार रूपये प्रति महिला की दर से 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की राशि का किया अंतरण

-10 हजार रूपये प्रति महिला की दर से 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की राशि का किया अंतरण

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता के रूप में परिवार की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार के लिए 10 हजार रूपये प्रति महिला की दर से 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की राशि का अंतरण पटना में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया।
इसके पहले 26 सितंबर 2025 को एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन कर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत 75 लाख महिलाओं को 10 हजार रुपए की सहायता राशि का उनके खाते में अंतरण कर योजना का शुभारंभ किया था। आज द्वितीय चरण में बिहार के कुल 25 लाख महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि का अंतरण किया गया है I पटना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बिहार के सभी जिलों में किया गया।


जिला में इस कार्यक्रम का जिला स्तर पर आयोजन समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र भवन में किया गया। जिसमें जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार एवं अन्य विभागों के पदाधिकारियो के साथ-साथ लगभग 500 की संख्या में जीविका दीदियां उपस्थिति रही। पूर्वी चंपारण जिले के प्रत्येक प्रखंड में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया। जिसमें सभी 27 प्रखंड मुख्यालयों में (प्रत्येक प्रखंड में लगभग 500) कुल 13,500 महिलाओं, जीविका के कुल 80 संकुल स्तरीय संघ में (प्रति संकुल संघ करीब 500) कुल 40000 महिलाओं, जीविका के कुल 3700 ग्राम संगठनों में (प्रति ग्राम संगठन लगभग 120) कुल 4,44,000 महिलाओं ने इस लाइव प्रसारण में भाग लियाI
साथ ही अन्य स्थानों पर भी टीवी, यूट्यूब एवं अन्य माध्यमों से इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया है I इस तरह पूरे जिले में कुल 5000 से अधिक जगहों पर लगभग 05 लाख से अधिक महिलाओं ने इसके लाइव प्रसारण को देखा I
बता दें कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार के सभी पात्र परिवारों के एक महिला को रुपए 10 हजार रुपए की राशि प्रथम किस्त के रूप में अंतरित की जा रही है। साथ ही उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आगे चलकर 2,00,000 तक की अतिरिक्त सहायता दिए जाने का भी प्रावधान है I इस राशि के अंतरण से जिले में जीविका से जुड़ी हुई महिलाओं के परिवारों एवं अन्य महिलाओं में खुशी का माहौल है।