-बन्दरा पीएचसी में बंध्याकरण में लापरवाही, तीन साल बाद महिला ने दिया बेटी को जन्म
दीपक कुमार तिवारी।मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में बंध्याकरण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से शिकायत भी की गई है।
बन्दरा प्रखण्ड के मतलुपुर पंचायत के घोसरामा निवासी जालंधर राम की 34 वर्षीय पत्नी सरिता देवी का कहना है कि उन्होंने दिसंबर 2022 में पीएचसी में बंध्याकरण कराया था, लेकिन 26 अगस्त 2025 को उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। महिला के पहले से एक बेटा और पांच बेटियां हैं।

परिवार का आरोप है कि चिकित्सकों ने सही तरीके से बंध्याकरण नहीं किया, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। पीड़िता के पति दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।
इस मामले पर पीएचसी प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद ने बताया कि वर्ष 2022 में एक एजेंसी द्वारा पीएचसी में परिवार नियोजन का कैंप लगाया गया था, जिसमें कई महिलाओं का बंध्याकरण किया गया था। इस पूरे प्रकरण की जानकारी जिला स्वास्थ्य विभाग को भेज दी जाएगी और आगे का मार्गदर्शन मिलने पर कार्रवाई होगी।
बहरहाल यह मामला ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और परिवार नियोजन कार्यक्रम की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।











