-पटना में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं की भिड़ंत, सड़क पर संग्राम
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर राजधानी पटना में सियासी पारा चढ़ गया। मामला तब हिंसक हो गया जब कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि इसका करारा जवाब दिया जाएगा और सरकार की संलिप्तता इस मामले में साफ दिखाई देती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रहे हैं और यह पूरी तरह गलत है।

इधर, बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आपने मां और प्रधानमंत्री का अपमान किया है। इसका जवाब एक-एक भाजपा कार्यकर्ता देगा। हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यालय के भीतर से पत्थरबाजी की गई। भाजपा कार्यकर्ता न तो ईंट से डरेंगे, न ही गोली से। मां के अपमान का बदला जरूर लिया जाएगा।”
वहीं, मंत्री संजय सरावगी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की गुंडागर्दी है। हम शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। ये लोग 2005 वाले गुंडाराज को बिहार में वापस लाना चाहते हैं, लेकिन NDA के बिहार में ऐसा संभव नहीं है। जनता वोट की चोट से जवाब देगी।”











