Advertisement

कोलकाता मेट्रो का नया अध्याय : रोज़ाना 9 लाख से अधिक यात्री करेंगे सफर

-कोलकाता मेट्रो का नया अध्याय : रोज़ाना 9 लाख से अधिक यात्री करेंगे सफर

कोलकाता।दीपक कुमार तिवारी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आधारभूत संरचना में हो रहे बड़े बदलावों की कड़ी में कोलकाता मेट्रो ने भी नया इतिहास रच दिया है। अब प्रतिदिन 9.15 लाख से अधिक यात्री कोलकाता मेट्रो से सफर कर सकेंगे। इसके लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार कर 3 नई लाइनें यात्रियों के लिए शुरू की जा रही हैं।

22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता मेट्रो की तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें ग्रीन लाइन पर 2.45 किलोमीटर लंबा एस्प्लानेड–सियालदह सेक्शन, येलो लाइन पर 6.77 किलोमीटर लंबा नोआपाड़ा–जय हिंद विमानबंदर सेक्शन और ऑरेंज लाइन पर 4.4 किलोमीटर लंबा हेमंत मुखोपाध्याय–बेलेघाटा सेक्शन शामिल है। प्रधानमंत्री तीनों लाइनों पर नई मेट्रो सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस विस्तार के तहत 366 नई मेट्रो ट्रेन सेवाएँ शुरू की जा रही हैं। इनमें ग्रीन लाइन पर 186, येलो लाइन पर 120 और ऑरेंज लाइन पर 60 सेवाएँ उपलब्ध होंगी। नई सेवाओं से ट्रेन की संख्या बढ़ेगी, यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और भीड़-भाड़ से भी राहत मिलेगी।

ग्रीन लाइन : एस्प्लानेड से सियालदह (2.45 किमी) – यह सेक्शन कोलकाता के लिए बड़ी राहत है। पहले हावड़ा और सियालदह के बीच सफर में 40–45 मिनट लगते थे, अब यह दूरी मेट्रो से सिर्फ 11 मिनट में पूरी होगी।

येलो लाइन : नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (6.77 किमी) – एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए यह सबसे सुविधाजनक विकल्प होगा। एस्प्लानेड से एयरपोर्ट तक का सफर अब केवल 30 मिनट में पूरा हो सकेगा।

ऑरेंज लाइन : हेमंत मुखोपाध्याय से बेलेघाटा (4.4 किमी) – यह लाइन साइंस सिटी, बड़े अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों को जोड़ेगी। यात्रियों की संख्या यहाँ दोगुनी होने की संभावना है।

इन नई मेट्रो सेवाओं का लाभ केवल कोलकाता ही नहीं, बल्कि उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना के यात्रियों को भी मिलेगा। पहले जिन दूरी को तय करने में घंटों लगते थे, अब वही सफर मिनटों में पूरा हो सकेगा।

यह कदम न केवल शहर के यातायात को गति देगा, बल्कि आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से भी बड़ा बदलाव लाएगा।