-भारतीय दूतावास, काठमांडू द्वारा ‘हिंदी साहित्य उत्सव’ का आयोजन, हिंदी साहित्य के महापुरुषों को किया गया स्मरण
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
भारतीय दूतावास, काठमांडू द्वारा 31 मई को ‘हिंदी साहित्य उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव बशिष्ठ नंदन ने की। कार्यक्रम में नेपाली साहित्य और कला जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व प्रकाश सायमी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि त्रिभुवन विश्वविद्यालय के हिंदी केंद्रीय विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. श्वेता दीप्ति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मई माह हिंदी साहित्य के तीन दिग्गजों – आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी, छायावादी कवि सुमित्रानंदन पंत और ग़ज़ल सम्राट कैफ़ी आज़मी – का जन्म माह है। यह साहित्य उत्सव उन महान रचनाकारों को स्मरण और सम्मान देने का अवसर बना।
मुख्य और विशिष्ट अतिथियों ने अपने वक्तव्यों में इन साहित्यकारों के योगदान पर विस्तृत चर्चा की और उनके साहित्यिक मूल्यों को वर्तमान संदर्भ में भी प्रासंगिक बताया।

इस अवसर पर भारतीय दूतावास काठमांडू की ओर से सौ हिंदी साहित्य की पुस्तकें त्रिभुवन विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग को भेंट की गईं, जिन्हें औपचारिक रूप से डॉ. श्वेता दीप्ति ने ग्रहण किया।
कार्यक्रम में डीएवी चांद वाग, रूपीज इंटरनेशनल, मॉडर्न इंडियन और राय स्कूल के विद्यार्थियों ने भावपूर्ण कविता पाठ किया, जिसने कार्यक्रम को और भी सरस बना दिया।
इस आयोजन में हिमालिनी के प्रकाशक एवं राजनीतिक विश्लेषक ई. सच्चिदानंद मिश्रा समेत कई साहित्यप्रेमी, विद्वान, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।















