-चलती ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भाग रहा था युवक, आरपीएफ ने किया गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शुक्रवार को आरपीएफ की टीम ने चलती ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई।
घटना दोपहर करीब 1:45 बजे की है, जब बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12565) अपने निर्धारित ठहराव के बाद प्रस्थान कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर एक यात्री ने मोबाइल चोरी की सूचना दी और शोर मचाया। मौके पर मौजूद आरपीएफ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे युवक को खदेड़कर प्लेटफॉर्म संख्या 7 व 8 के पश्चिमी छोर पर पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मो. समीम उर्फ बेतिया (उम्र 24 वर्ष) बताया, जो मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर मायस्थान का रहने वाला है। जब तलाशी ली गई, तो उसके पास से विभिन्न कंपनियों के दो टचस्क्रीन मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ये मोबाइल उसने चलती ट्रेन से यात्रियों से चोरी किए हैं।
उपनिरीक्षक सुष्मिता कुमारी की अगुआई में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर 2:10 बजे जीआरपी मुजफ्फरपुर के हवाले कर दिया गया। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 98/2025, दिनांक 25/04/2025, अंतर्गत धारा 317(4), 317(5) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत लगभग ₹45,000 बताई जा रही है।
#मोबाइलचोरी #मुजफ्फरपुरजंक्शन #आरपीएफकार्यवाई #ट्रेनसुरक्षा #बिहारसम्पर्कएक्सप्रेस












