-बेगूसराय में बेख़ौफ़ अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर 50 हजार व जेवरात लूटे
बेगूसराय।सम्वाददाता।
बेगूसराय में अपराधियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को लूटपाट के दौरान गोली मार दी और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घायल व्यवसायी की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के काली स्थान निवासी विपिन ठाकुर के पुत्र दीपक ठाकुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीपक ठाकुर हेमरा चौक पर सोना-चांदी की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात वे दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी पानगाछी के पास तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हथियार के बल पर लूटपाट के दौरान अपराधियों ने दीपक को गोली मार दी और उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 50 हजार रुपये नगद, सोने के जेवरात, दुकान की चाबी और अन्य जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। मुफस्सिल थाना पुलिस ने घायल दीपक ठाकुर को तुरंत बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं क्योंकि अपराधी आए दिन बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश की जा रही है।











