Advertisement

पूर्णिया: नशे में धुत हेडमास्टर स्कूल पहुंचा, ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

-पूर्णिया: नशे में धुत हेडमास्टर स्कूल पहुंचा, ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार और शिक्षा विभाग लगातार सख्त फैसले ले रहे हैं, लेकिन कुछ शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला पूर्णिया जिले से सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल का हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। इसके बाद स्कूल में हंगामा मच गया और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

घटना कसबा प्रखंड के लखना पंचायत स्थित रूसाबड़ी गांव के मजगामा उत्क्रमित उच्च विद्यालय की है। स्कूल के हेडमास्टर सूर्य नंदन सिंह नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और वहां हंगामा करने लगे। उनकी हरकतों की भनक गांव वालों को लगी, तो बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हंगामे की सूचना पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और शिक्षा पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और जांच-पड़ताल की। जब अधिकारियों ने शिक्षक से पूछताछ की, तो उनकी हालत संदिग्ध लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नशे में धुत हेडमास्टर को बच्चों के सामने ही गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कसबा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हेडमास्टर को जलालगढ़ थाना के हवाले कर दिया।

गांव वालों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, हेडमास्टर अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ न हो। पुलिस ने तो अपना काम कर दिया, अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग इस पर क्या कार्रवाई करता है।