Advertisement

38 करोड़ के मॉडल सदर अस्पताल की खुली पोल, एक्स-रे वार्ड में भरा शौचालय का गंदा पानी, सेवा ठप

–38 करोड़ के मॉडल सदर अस्पताल की खुली पोल, एक्स-रे वार्ड में भरा शौचालय का गंदा पानी, सेवा ठप

गोपालगंज। बिहार से स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। करोड़ों की लागत से बना गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल खुद अव्यवस्था और लापरवाही का शिकार नजर आ रहा है। हालात यह हैं कि अस्पताल के एक्स-रे वार्ड में शौचालय का गंदा पानी भर जाने से अफरा-तफरी मच गई और जांच सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं।
जानकारी के अनुसार करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मॉडल अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं का दावा किया गया था। लेकिन जमीनी हकीकत दावों के विपरीत दिखी। एक्स-रे रूम में लैट्रिन का गंदा पानी बहता नजर आया, जिसमें कचरा तैर रहा था। बदबू और गंदगी के कारण मरीजों और कर्मियों का वहां खड़ा रहना मुश्किल हो गया।


दूर-दराज से जांच कराने पहुंचे मरीज घंटों इंतजार करते रहे। कई मरीज निराश होकर बिना जांच कराए ही लौट गए। परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जिला अस्पताल की यह हालत है तो आम आदमी इलाज के लिए कहां जाए।
एक्स-रे इंचार्ज आकाश कुमार ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी दो-तीन बार ऐसी समस्या आ चुकी है। इंजीनियर और भवन विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। फिलहाल गंदे पानी की निकासी तक एक्स-रे सेवा बंद रखी गई है।
घटना के बाद मरीजों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि बार-बार इस तरह की समस्या घटिया निर्माण या भारी लापरवाही की ओर इशारा करती है।
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले इस अस्पताल की बदहाल तस्वीर ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होती है या फिर जांच के नाम पर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। मरीजों को इंतजार है ठोस कदमों का, ताकि अस्पताल इलाज का केंद्र बने, गंदगी का अड्डा नहीं।