-30 वर्षों की सैन्य सेवा के बाद सूबेदार हरिशंकर द्विवेदी का सकरी मन में भव्य स्वागत
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बंदरा प्रखंड के सकरी मन निवासी भूतपूर्व सैनिक सेवानिवृत कपिलदेव प्रसाद द्विवेदी के पुत्र सूबेदार हरिशंकर द्विवेदी ने भारतीय सेना के सेना चिकित्सा कोर में 30 वर्षों तक सराहनीय सेवा देने के उपरांत 31 दिसंबर 2025 को जम्मू-कश्मीर स्थित कमांड अस्पताल, उधमपुर से सेवा निवृत्त हुए। सेवा से मुक्त होने के बाद अपने जन्मस्थल सकरी मन पहुंचने पर उनके सम्मान में 1 जनवरी, गुरुवार की संध्या भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
सूबेदार हरिशंकर द्विवेदी ने अपने सेवाकाल के दौरान देश के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों एवं उच्चस्तरीय सैन्य अस्पतालों में कार्य करते हुए भारतीय सैनिकों को चिकित्सा सेवा प्रदान की। उन्होंने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सैनिकों को शारीरिक परेशानियों से उबारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गौरतलब है कि वे तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं और उनके दो छोटे भाई भी भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लोगों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनका परिवार तीन पीढ़ियों से देश सेवा में समर्पित रहा है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर मुन्नी बैंगरी पंचायत के उपमुखिया शिवनाथ सिंघानियां, भूतपूर्व सैनिक राजीव कुमार उर्फ चुन्नू, सेवानिवृत्त शिक्षक पारसनाथ द्विवेदी, उमेश मिश्रा, बबलू मिश्र सहित दर्जनों ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सूबेदार हरिशंकर द्विवेदी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







