Advertisement

बाबू लगन देव सिंह की जयंती पर भव्य समारोह, गंगा दशहरा महोत्सव के साथ द्वार एवं पथ का उद्घाटन

बाबू लगन देव सिंह की जयंती पर भव्य समारोह, गंगा दशहरा महोत्सव के साथ द्वार एवं पथ का उद्घाटन

सोनपुर (बरबट्टा), 5 जून | संवाददाता

सोनपुर में बुधवार को स्वर्गीय बाबू लगन देव सिंह राजा साहब की जयंती के अवसर पर गंगा दशहरा महोत्सव और एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर बिहार सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह ने बाबू लगन देव सिंह द्वार एवं बाबू लगन देव सिंह पथ का विधिवत उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंत्री सुमित कुमार सिंह ने अपने संबोधन में बाबू लगन देव सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा,

> “यह मेरा सौभाग्य है कि मैं उस महान व्यक्तित्व के वंशजों का दामाद हूं। स्व. लगन देव बाबू मेरे ससुर ओम कुमार सिंह के पूज्य पिताजी थे। उन्होंने बिना किसी राजनीतिक पद पर रहते हुए भी सोनपुर क्षेत्र के विकास में जो ऐतिहासिक योगदान दिया, वह आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।”

 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें सारण जिला का प्रभारी मंत्री बनाया है और वे व्यक्तिगत स्तर पर सोनपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सोनपुर नगर परिषद की स्थापना, सोनपुर मेले के आधुनिकीकरण और स्थानीय बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर कई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जो स्व. लगन देव बाबू के सपनों को साकार करेंगी।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता ओम कुमार सिंह ने मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इस गरिमामयी समारोह में भाजपा, जदयू और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

स्व. बाबू लगन देव बाबू के परिजन — पुत्र कुंवर दीप कुमार सिंह, पौत्र युवराज सिंह, राजकुमार सिंह एवं ऋतुराज सिंह की उपस्थिति ने आयोजन को भावनात्मक ऊंचाई दी। कार्यक्रम में सोनपुर नगर परिषद अध्यक्ष अजय साह, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलू, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्णा राम, बीजेपी नेता नीतीश सिंह कच्छवाहा, संजय प्रताप सिंह, राजेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं मंत्री मीडिया प्रभारी अनूप नारायण सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द, संस्कृति और सेवा के प्रतीक रहे स्व. लगन देव बाबू को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

#बाबू_लगनदेव_सिंह #गंगा_दशहरा_महोत्सव #सुमित_कुमार_सिंह #सोनपुर_समारोह #विकास_का_संकल्प #SwachhGanga #BiharPolitics #BJP #NDA #SonpurCelebration