Advertisement

होली से पहले नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 17 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

-होली से पहले नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 17 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
होली पर्व को देखते हुए अवैध नशीले पदार्थों के सेवन, निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन लगातार विशेष अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत वैशाली जिला में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
बरांटी थाना और एलटीएफ (लॉ एंड ऑर्डर टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात रंदाहा गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को 17 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार, पिता स्व. बिनोद बैठा, निवासी रंदाहा गांव, थाना-बरांटी, जिला-वैशाली के रूप में हुई है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य तस्करों और सिंडिकेट सदस्यों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में बरांटी थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आरोपी को आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।