Advertisement

होली-रमजान से पहले बेनीबाद में हाई अलर्ट, अवैध शराब पर उत्पाद विभाग का शिकंजा; सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच

-होली-रमजान से पहले बेनीबाद में हाई अलर्ट, अवैध शराब पर उत्पाद विभाग का शिकंजा; सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच

मुजफ्फरपुर | दीपक कुमार
होली और रमजान पर्व को लेकर मुजफ्फरपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अलर्ट मोड में है। खासकर बेनीबाद थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
बेनीबाद थाना क्षेत्र के रमौली चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की विशेष टीम तैनात कर दी गई है। सीमावर्ती इलाकों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए हर वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि दूसरे जिलों या राज्यों से अवैध शराब की खेप जिले में प्रवेश न कर सके।


उत्पाद अधिकारी उपेंद्र मंडल ने बताया कि पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। संदिग्ध वाहनों, बाइक और ट्रकों की जांच की जा रही है। कई स्थानों से अवैध शराब जब्त की गई है और तस्करों की गिरफ्तारी भी हुई है।
प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर भी विशेष चौकसी बढ़ा दी है। हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बना रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।