-होली में हंगामा नहीं चलेगा! 68 डीजे जब्त, नियम तोड़ा तो होगी सीधी कार्रवाई
दीपक कुमार |मुजफ्फरपुर।
आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने अब तक कुल 68 डीजे सेट जब्त किए हैं।
पुलिस की यह कार्रवाई होली के दौरान ध्वनि प्रदूषण, हुड़दंग और विधि-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए की गई है। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति डीजे बजाना या निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि फैलाना कानूनन अपराध है, और ऐसे मामलों में सीधे जब्ती व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीमों ने लगातार गश्त और छापेमारी कर कई स्थानों से अवैध रूप से संचालित डीजे सिस्टम को जब्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस सख्ती के बाद डीजे संचालकों और हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।












