-होली पर हुड़दंग नहीं चलेगा, पूरे बिहार में पुलिस अलर्ट
-बाइकर्स गैंग से लेकर नशाखुरानी गिरोह तक, हर गतिविधि पर पैनी नजर
पटना। दीपक कुमार तिवारी। बिहार में रंगों के पर्व होली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कड़ी कर दी गई है। राज्यभर में हुड़दंग, सड़क रेसिंग, बाइकर्स गैंग और नशाखुरानी गिरोह पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाया गया है।
पटना में सबसे अधिक सुरक्षा बल लगाए गए हैं, वहीं अन्य संवेदनशील जिलों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार गश्ती की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि होली के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी। सड़क पर स्टंट, रेसिंग या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राज्य के डीजीपी विनय कुमार ने सभी जिला कप्तानों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त बल तैनात करें। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा और हर दो घंटे पर स्थिति की समीक्षा की जाएगी। किसी भी घटना की सूचना तुरंत मुख्यालय को देने को कहा गया है।

वहीं एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने एसपी को निर्देश दिया है कि धार्मिक स्थलों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और पूर्व में तनावग्रस्त इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। पिछले तीन वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर रणनीति तैयार करने को कहा गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि होली की आड़ में पुरानी रंजिश, भूमि विवाद या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर सीसीए और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उग्रवाद प्रभावित जिलों में पुलिस पिकेट, थाना, जेल, रेलवे स्टेशन और सरकारी प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। दंगा निरोधी दस्तों को अलर्ट मोड में रखा गया है।
ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह पर विशेष नजर:
होली पर घर लौटने वाले यात्रियों, खासकर प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाने वाले नशाखुरानी गिरोह पर भी पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सादे लिबास में जवान तैनात किए जाएंगे।
इतनी संख्या में तैनात अतिरिक्त बल:
राज्यभर में 12 कंपनी रेंज रिजर्व बल, 31 कंपनी बीसैप, 2768 पीटीसी प्रशिक्षु सिपाही (राजगीर स्थित पुलिस अकादमी से) तथा 5100 होमगार्ड की तैनाती की गई है। साथ ही 3 कंपनी केंद्रीय पुलिस बल भी लगाई गई है। पटना में सर्वाधिक बल तैनात किया गया है, जबकि दरभंगा, बेगूसराय, जमुई, मुंगेर, रोहतास, बक्सर, गया और मोतिहारी में भी अतिरिक्त फोर्स भेजी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।












