Advertisement

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 90वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव, ब्रह्माकुमारी केंद्र पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़

-हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 90वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव, ब्रह्माकुमारी केंद्र पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़

समस्तीपुर।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के डैनी चौक स्थित सेवाकेंद्र कल्याणकारी भवन में 90वां त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सीपी गुप्ता, डॉ. राजीव कुमार, समस्तीपुर से पधारे कृष्ण भाई, सविता बहन, प्रमुख व्यवसायी सतीश चांदना एवं सुशील चमड़िया ने संयुक्त रूप से किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कृष्ण भाईजी ने कहा कि शिव जयंती परमपिता परमात्मा शिव के अवतरण का महान स्मृति पर्व है। जब संसार में अज्ञानता और विकारों का अंधकार बढ़ जाता है, तब परमात्मा शिव ज्ञान सूर्य बनकर सत्य ज्ञान का प्रकाश देते हैं, जिससे आत्माएं पावन बनती हैं और सृष्टि स्वर्गमय हो जाती है। उन्होंने बताया कि परमात्मा शिव को त्रिमूर्ति, त्रिकालदर्शी और त्रिलोकीनाथ कहा जाता है तथा उनका संदेश है – बीती बातों को छोड़कर स्वयं को आत्मा समझें और परमात्मा को याद करें।


सविता बहन ने शिवलिंग पर चढ़ाए जाने वाले प्रतीकों का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि परमात्मा हमारे भीतर के विकारों को दूर कर दिव्य गुणों का संचार करते हैं। राजयोग ध्यान इसकी सहज विधि है, जिसे स्वयं परमात्मा सिखा रहे हैं।
कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों का स्वागत बुके और बैज से पूजा बहन ने किया, जबकि संचालन ब्रह्माकुमारी सोनिका बहन ने किया। अंत में शिव ध्वजारोहण, शुभ संकल्प एवं प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर विद्यासागर जी, शैलेंद्र जी, सुमित चमड़िया सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं केंद्र पर तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रदर्शनी एवं मेडिटेशन शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से संध्या 5 बजे तक किया जा रहा है।