-पैदल पांव घर-घर पहुंचे विधायक,जनसमस्याओं के निदान के लिए देते रहे ऑन स्पॉट निर्देश
मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।
जिले के बंदरा प्रखंड के मुन्नी बैंगरी पंचायत के मुन्नी गांव में गायघाट विधायक निरंजन राय ने ‘आपके विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को मुन्नी महादलित टोला के अलावा गांव के घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की तथा उनकी निजी,सामुदायिक,सार्वजनिक एवं क्षेत्रीय जनसमस्याओं को देखा-सुना समझा तथा सूचीबद्ध कराया। अधिकतर लोगों ने टोलों-कस्बों की सम्पर्क सड़क,गांव की मुख्य सड़क जर्जरता एवं निर्माण कार्य की मांग की।वहीं आवास योजना, वृद्धा पेंशन,विकलांगता पेंशन नहीं होने तथा पंचायत एवं प्रखण्ड कर्मियों एवं अधिकारियों द्वारा टालमटोल करने आदि की शिकायत की ।

इस दौरान विधायक ने इन समस्याओं को नोट किया तथा यथासंभव जल्द से जल्द समस्या निवारण का भरोसा दिलाया । महादलित समाज के लोगों ने सार्वजनिक शौचालय बनवाने की मांग की । मुसहर टोली में जर्जर हो चुकी मुख्य सड़क पर जल जमाव से निजात दिलाने की मांग की गई। विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारी को सड़क दुरुस्त कराने का निर्देश दिया । विधायक ने बताया कि ग्रामीणों के शिकायत मुन्नी पुल से होकर गुजरने वाली भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए विभाग के जेई को आवश्यक कार्यवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह पुल काफी पुरानी एवं जर्जर है।फोरलेन सड़क से ओवरलोडेड दर्जनों भारी वाहनों का परिचालन इस सड़क-पुल मार्ग से करने से पुल धंसने का खतरा है।

वहीं नए पुल निर्माण के लिए भी विभाग को पत्र लिखा गया है।करीब 6 घण्टे के घर-घर यात्रा कार्यक्रम के दौरान उप प्रमुख उमेश राय , विधायक प्रतिनिधि विनय कुमार यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सहनी , प्रमुख प्रतिनिधि संजेश चौधरी , पंचायती राज के जिला अध्यक्ष आफताब आलम, अल्पसंख्यक सेल के जिला उपाध्यक्ष गाजी शहनवाज, राजद के बरिष्ठ नेता ठगन राय , चंदेश्वर कुशवाह , युवा राजद अध्यक्ष रामेश्वर सिंह कुशवाहा , मुन्नी बैंगरी पंचायत के मुखिया दीपक चौधरी , दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष पंकज ठाकुर, किसान सेल के अध्यक्ष महेश राय , शौकत अली मुन्ना, सुरज राय, चंदेश्वर राय , उमेश कुशवाह , पूर्व जिला पार्षद फूलबाबू राय , अरबिंदो राय , हत्था पंचायत के उप मुखिया अजय राय , छात्र नेता बबलू कुमार , मीडिया प्रभारी प्रशांत कुमार पाठक , मनोज राज , शिक्षक नवनीत राय , मुकेश कुशवाहा , ब्रह्मदेव यादव, राजेन्द्र मांझी आदि भी थे।












