Advertisement

स्पेशल ओलंपिक्स भारत – नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में बिहार को रजत पदक

-स्पेशल ओलंपिक्स भारत – नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में बिहार को रजत पदक

पटना।ब्यूरो।

पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित साई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, साल्ट लेक सिटी में 17 से 21 नवंबर तक आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स भारत–नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। प्रतियोगिता स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, कोलकाता और SAI सेक्टर–3, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।

इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, तालमेल, अनुशासन और टीम भावना के दम पर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा—
“यह उपलब्धि बिहार के लिए अत्यंत गर्व की बात है तथा यह अन्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने वाली है।”

प्रतियोगिता में देशभर के 20 राज्यों के 300 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। बिहार से 10 सदस्यीय दल ने भाग लिया, जिसमें 3 कोच व 7 खिलाड़ी सम्मिलित थे।
कोचिंग स्टाफ – अजीत कुमार, गौरव कुमार, कुंदन कुमार पांडे
खिलाड़ी – धीरज कुमार (कप्तान), संतु कुमार, शेखर कुमार, सौम्या, मयंक कुमार, भास्कर तेजस्वी और तेजस किशोर

यह चैम्पियनशिप वर्ल्ड समर गेम्स 2027 (चिली) के लिए एक महत्वपूर्ण क्वालिफायर भी है। विशेष बात यह है कि स्पेशल ओलंपिक्स भारत के सचिव संदीप कुमार, जो वर्ल्ड समर गेम्स 2027 के फुटबॉल चयन समिति के सदस्य भी हैं, बिहार से ही हैं, जो प्रदेश के लिए अतिरिक्त सम्मान का विषय है।

स्पेशल ओलंपिक्स भारत, जिसे भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा स्पेशल ओलंपिक्स इंक. से मान्यता प्राप्त है, बौद्धिक एवं मानसिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को स्ट्रक्चर्ड स्पोर्ट्स और डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से सक्षम और सशक्त बनाने के लिए समर्पित संगठन है।