Advertisement

स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, 3 की मौत, 4 गंभीर

-स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, 3 की मौत, 4 गंभीर

मुजफ्फरपुर। दरभंगा–मुजफ्फरपुर NH-27 फोरलेन पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार स्कोर्पियो अनियंत्रित होकर हवा में उछली और दूसरे लेन में जाकर डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और भीतर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।

मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना एक ट्रक चालक ने हाईवे पुलिस को दी, जिसके बाद हाईवे मोबाइल पुलिस के इंस्पेक्टर शशिभूषण सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से गाड़ी में फंसे चार घायलों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर सभी को डीएमसीएच रेफर किया गया।

परिवार लौट रहा था इलाज करवाकर:

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के रैभी गांव निवासी प्रमोद यादव का पुत्र गुड्डू कुमार अपनी बीमार मां को IGIMS पटना में इलाज कराने के बाद स्कोर्पियो से घर वापस लौट रहा था। वाहन में उसके मामा, मौसा और स्कोर्पियो चालक भी सवार थे। लेकिन दिल्ली मोड़ के पास अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

इस दुर्घटना में गुड्डू के मामा, मौसा और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
गुड्डू की बीमार मां गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके पैर में गहरा फ्रैक्चर बताया जा रहा है। बाकी तीन घायलों की स्थिति भी बेहद नाज़ुक बनी हुई है और डीएमसीएच में डॉक्टर लगातार इलाज में जुटे हैं।

तेज रफ्तार बनी काल:

रात का अंधेरा, तेज रफ्तार और हाईवे पर वाहनों की तेज आवाजाही ने एक परिवार की जिंदगी को गहरे सदमे में धकेल दिया।
पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है, और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

NH-27 पर पिछले दिनों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।