Advertisement

सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया सभी 243 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

-सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया सभी 243 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार

-विशेष साक्षात्कार : बिहार चुनाव में नई राजनीति का दावा
-वरिष्ठ पत्रकार अनूप नारायण सिंह की बातचीत सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया, बिहार प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा से

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज़ है। इस बीच सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया ने बड़ा ऐलान किया है कि वह राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा का कहना है कि उनकी पार्टी किसी तरह के समझौते या जोड़-तोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती और जनता को वास्तविक विकल्प देने के लिए मैदान में उतरेगी।

नई राजनीति की शुरुआत का संकल्प:

धनंजय सिन्हा ने कहा – “हम सत्ता पाने के लिए नहीं, समाज को बदलने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हर सीट पर योग्य और ईमानदार प्रत्याशी उतारेंगे, जो समाज के बीच से आएंगे। जातीय समीकरणों की राजनीति को हम पूरी तरह नकारते हैं।”

प्रशांत किशोर पर टिप्पणी:

उन्होंने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक “तकनीकी विशेषज्ञ (technocrat) हैं, नेता नहीं।” राजनीति को मार्केटिंग या प्रोजेक्ट की तरह चलाने से समाज का परिवर्तन संभव नहीं है।

भूमिहीनों को ज़मीन देने का वादा:

सोशलिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया ने मुचकन्द दुबे आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा किया है। सिन्हा ने कहा – “अगर वह रिपोर्ट लागू होती तो आज लाखों गरीब और भूमिहीन परिवार सम्मानजनक जीवन जी रहे होते। सत्ता में आने पर इसे प्राथमिकता दी जाएगी।”

गरीबों के लिए योजना
उन्होंने बताया कि भूमिहीन परिवारों को ज़मीन दिलाने के साथ आर्थिक सहायता और आत्मनिर्भरता के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।

भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ़ कड़ा रुख:

सिन्हा ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को समाप्त करना है। “जब नेतृत्व ईमानदार होगा तभी व्यवस्था पारदर्शी होगी।”

अंत में उन्होंने कहा कि जनता उनसे यह उम्मीद कर सकती है कि वे राजनीति को व्यवसाय नहीं बल्कि मिशन बनाएंगे और भूख, भ्रष्टाचार व अन्याय को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाएंगे।