Advertisement

सेकेंड डिविजन आने से आहत छात्रा ने दी जान, गांव में पसरा मातम

–सेकेंड डिविजन आने से आहत छात्रा ने दी जान, गांव में पसरा मातम

मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। इंटरमीडिएट परीक्षा में अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं आने से आहत एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका की पहचान मिंटू राम की 18 वर्षीय पुत्री अल्पना रानी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अल्पना पढ़ाई में काफी मेधावी थी और इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी। उसने अपने परिवार से फर्स्ट डिविजन लाने की बात कही थी, लेकिन जब रिजल्ट में उसे सेकेंड डिविजन मिला, तो वह मानसिक रूप से काफी आहत हो गई।


बताया जाता है कि इसी सदमे में उसने घर के अंदर पंखे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सरैया के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर भेज दिया। वहीं, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है।