-सीवान में दिनदहाड़े करोड़ों की लूट, नई सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
-नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप से एक करोड़ से अधिक के जेवरात व नकदी लूटी, फायरिंग कर फैलाया दहशत
पटना/सीवान।ब्यूरो।
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद विभागीय बंटवारे में गृह विभाग उप मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी को सौंपा गया था। उम्मीद की जा रही थी कि उनके कार्यभार संभालने के साथ ही राज्य की कानून-व्यवस्था में तेजी से सुधार होगा, लेकिन सीवान में हुई एक बड़ी वारदात ने पुलिस-प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
सीवान शहर में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट को अंजाम दे दिया। लगभग छह की संख्या में पहुँचे नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने न सिर्फ दुकान को निशाना बनाया, बल्कि 5–6 राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दुकानों का शटर गिराकर भागने लगे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। हालांकि अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से कहा था कि “बिहार में अब अपराधी और माफिया या तो अपराध छोड़ दें या फिर अंजाम भुगतने को तैयार रहें।” लेकिन इसके मात्र 48 घंटे बाद ही दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट ने पूरे पुलिस महकमे के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश तेज कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। वारदात ने एक बार फिर से राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











