Advertisement

सीएम नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश

–सीएम नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश

पटना, 7 मार्च 2026। ब्यूरो।
नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना जिले के बख्तियारपुर में विभिन्न निर्माणाधीन विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दो लेन वाले इस आरओबी का निर्माण कार्य इसी महीने पूरा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग‑30 और राज्य राजमार्ग‑106 को जोड़ने वाले इस ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। इसके बन जाने से पटना-बख्तियारपुर पुराने मार्ग और नए फोरलेन मार्ग के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।

उन्होंने कहा कि इस आरओबी के बनने से बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज तथा पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और छात्रों व शिक्षकों के लिए आवाजाही आसान हो जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने गणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया। पांच मंजिला इस भवन में 45 कक्ष बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाए ताकि छात्रों को पढ़ाई में बेहतर सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने विद्यालय के पुराने भवन को भी देखा और कहा कि वे अपने बचपन में इसी स्कूल में पढ़े हैं, इसलिए इससे उनकी कई पुरानी यादें जुड़ी हैं।


मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर के समीप स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय डुमर सिंह की प्रतिमा स्थल के पास बनाए जा रहे पार्क के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बख्तियारपुर‑ताजपुर गंगा पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अथमलगोला प्रखंड के करजान से कल्याणपुर होते हुए गंगा तट तक जाकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि फोरलेन पुल और पहुंच पथ का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को और सुगम बनाएगा तथा आम लोगों के आवागमन को आसान करेगा। इसके निर्माण से महात्मा गांधी सेतु और राजेंद्र सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होगा।
यह पुल पटना जिले के करजान (बख्तियारपुर) के पास राष्ट्रीय राजमार्ग‑31 से शुरू होकर समस्तीपुर जिले के ताजपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग‑28 को जोड़ेगा। इस परियोजना की कुल लंबाई 51.26 किलोमीटर है, जिसमें गंगा नदी पर 5.51 किलोमीटर लंबा पुल और 45.75 किलोमीटर लंबा पहुंच पथ शामिल है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और राज्य में हो रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।