-सिमरा में भाकपा-माले का सातवां प्रखंड सम्मेलन संपन्न, रामबली मेहता फिर बने प्रखंड सचिव
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक तिवारी।
सिमरा गांव में रविवार को भाकपा-माले का सातवां प्रखंड सम्मेलन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत पार्टी के झंडोत्तोलन के साथ हुई, जिसे कॉमरेड सुरेश भंडारी ने किया। इसके उपरांत शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया तथा कार्यकर्ताओं ने शहीद वेदी पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सम्मेलन की अध्यक्षता संजय कुमार दास ने की और संचालन कमलेश कुमार ने किया। इस दौरान पूरे सम्मेलन की निगरानी भाकपा-माले जिला कमेटी के सदस्य जितेंद्र यादव ने पर्यवेक्षक के रूप में की।
अपने संबोधन में पर्यवेक्षक जितेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है और पूंजीपतियों के हित में फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार गैर-जरूरी मुद्दों को हवा दे रही है।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से 14 सदस्यीय नई प्रखंड कमेटी का गठन किया गया, जिसमें रामबली मेहता को पुनः प्रखंड सचिव के रूप में चुना गया।
नवगठित कमेटी के सदस्य हैं:
रामबली मेहता, चंद्रकला देवी, अजीत कुमार, गीता देवी, महेश महतो, कमलेश कुमार, शत्रुधन महतो, मो. इसराइल, रसीदा खातून, संजय कुमार दास, चिंता कुमारी, इंदु देवी, निर्मला देवी और देवन मंडल।
नई कमेटी को बधाई देते हुए पर्यवेक्षक ने आह्वान किया कि वे जन मुद्दों पर संघर्ष तेज करें और गांव-गांव में पार्टी की पकड़ मजबूत करें।
सम्मेलन में भाकपा-माले के कई कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












