Advertisement

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंदरा में एक लैब टेक्नीशियन के भरोसे जांच व्यवस्था, बढ़ते मरीजों से स्वास्थ्य सेवा पर दबाव

–सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंदरा में एक लैब टेक्नीशियन के भरोसे जांच व्यवस्था, बढ़ते मरीजों से स्वास्थ्य सेवा पर दबाव

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।प्रखंड के बंदरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब जांच व्यवस्था बदहाल हो गई है। पूरे अस्पताल की पैथोलॉजी जांच का जिम्मा मात्र एक लैब टेक्नीशियन के कंधों पर है, जिससे मरीजों को समय पर जांच और रिपोर्ट मिलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज खून, पेशाब सहित अन्य जांच कराने पहुंचते हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यहां न तो आरएनटीसीपी (टीबी जांच) के लिए अलग लैब टेक्नीशियन है और न ही सामान्य जांच के लिए अतिरिक्त कर्मी उपलब्ध हैं।


बताया जाता है कि अस्पताल में सेमी-ऑटो एनालाइजर मशीन से अधिकांश जांच मैनुअल तरीके से करनी पड़ती है, जिसमें अधिक समय लगता है। ऐसे में अकेले टेक्नीशियन को मरीजों का रजिस्टर में रिकॉर्ड दर्ज करना, सैंपल कलेक्शन, लगभग 40 प्रकार की जांच करना, रिपोर्ट तैयार कर मरीजों को देना तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग और सत्यापन जैसे सभी कार्य एक साथ करने पड़ते हैं। इससे रिपोर्टिंग की गुणवत्ता और समयबद्धता पर असर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि पहले यह अस्पताल 7 बेड का था, जिसे अब बढ़ाकर 30 बेड का कर दिया गया है। मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद लैब स्टाफ में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द अतिरिक्त लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति कर जांच व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।