Advertisement

सहकारिता विभाग संभालते ही प्रमोद कुमार का ऐलान—किसानों को मिलेगा MSP का पूरा लाभ

-सहकारिता विभाग संभालते ही प्रमोद कुमार का ऐलान—किसानों को मिलेगा MSP का पूरा लाभ

-पारदर्शिता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता

पटना। ब्यूरो। बिहार की नई नीतीश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने प्रमोद कुमार ने मंगलवार को शंखनाद करके औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। उन्हें सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।

मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा, “यह विभाग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रिय विभाग है और इसका दायित्व मुझे मिला है।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान की खरीद में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी, और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के सहयोग से सभी शिकायतों का सामूहिक समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही पैक्स प्रतिनिधियों और किसानों के साथ विशेष बैठक आयोजित की जाएगी ताकि समस्याओं और सुझावों पर सीधी चर्चा हो सके।

प्रमोद कुमार ने कहा, “मेरा काम बोलता है, हम नहीं बोलते हैं। मैं धर्म में विश्वास रखता हूं, लेकिन पाखंडी नहीं हूं। किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में कार्य कर रही है और आगे भी मजबूती से करेगी।

उन्होंने आगे कहा कि “बिना अधिकारियों के सहयोग के विकास संभव नहीं। गरीबों के लिए ही बिहार और केंद्र सरकार का खजाना है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में शासन और विकास के 25 वर्ष पूरे करने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।