-समृद्धि यात्रा में सुपौल को 570 करोड़ की सौगात, CM नीतीश कुमार ने 213 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
पटना/सुपौल, 10 मार्च।दीपक कुमार तिवारी।
Nitish Kumar ने समृद्धि यात्रा के दौरान सुपौल जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने निर्मली अनुमंडल कार्यालय मैदान में कुल 570 करोड़ रुपये की लागत से 213 विकास योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इनमें 135 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का उद्घाटन तथा 335 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्मली स्थित रिंग बांध (सिपाही चौक) के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान 1721.97 लाख रुपये की लागत से सिकरहट्टा-मझारी निम्न बांध, डगमरा मार्जिनल बांध तथा निर्मली घेरा बांध की मरम्मत और सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। वहीं 591.92 लाख रुपये की लागत से छातापुर और त्रिवेणीगंज प्रखंड में सुरसर नदी के निरंतर प्रवाह के लिए अवरोध हटाने के कार्य का भी उद्घाटन किया गया।
विश्व बैंक पोषित बिहार जल सुरक्षा एवं सिंचाई आधुनिकीकरण परियोजना के तहत विस्तारित सिकरहट्टा-मझारी निम्न बांध (31.985 किमी) के उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा बिटुमिनस सड़क निर्माण कार्य के साथ कई नए स्टड निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्मली रिंग बांध का जीर्णोद्धार होने से शहर को हर वर्ष होने वाली जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी और अब बरसात के मौसम में शहर अधिक सुरक्षित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों और जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया। उन्होंने लाभुकों के बीच कई योजनाओं के तहत सांकेतिक चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary, जल संसाधन मंत्री Vijay Kumar Choudhary, ऊर्जा मंत्री Bijendra Prasad Yadav समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











