-समस्तीपुर में ‘द उम्मीद’ का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफल, 200 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
समस्तीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और एनसीसी के पूर्ववर्ती कैडेट्स द्वारा संचालित बिहार का सबसे कम उम्र का युवा-नेतृत्व वाला सामाजिक संगठन द उम्मीद (THE UMEED) लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रविवार को संगठन की ओर से मिशन जन आरोग्य के तहत जितवारपुर निजामत के वार्ड-16 (हरिजन बस्ती) में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में स्थानीय लोगों का उत्साह देखने को मिला। 200 से अधिक लाभार्थियों ने रक्तचाप, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, त्वचा संबंधी समस्याएँ, महिलाओं एवं बच्चों का पोषण स्तर, एनीमिया जाँच और डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क परामर्श जैसी सेवाओं का लाभ उठाया। यह शिविर द उम्मीद की जमीनी उपस्थिति और समाज सेवा की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
स्लम क्षेत्रों में स्वास्थ्य चुनौतियाँ गंभीर—डॉ. सोमेंद्र मुखर्जी
द उम्मीद मेडिकल कोर अध्यक्ष डॉ. सोमेंद्र मुखर्जी ने कहा,
“स्लम क्षेत्रों में बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियाँ आज चिंता का विषय हैं। अनियंत्रित ब्लड प्रेशर, बढ़ती शुगर, कुपोषण, महिलाओं में एनीमिया, स्किन इंफेक्शन और बच्चों में कमजोर प्रतिरोधक क्षमता तेजी से बढ़ रही है। समय पर जांच, सही आहार, परामर्श और जागरूकता ही जीवन बचा सकते हैं। द उम्मीद का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है।”

समय पर पहचान से बच सकती हैं कई जिंदगियाँ—डॉ. ए. एन. सिन्हा
डॉ. ए. एन. सिन्हा ने कहा,
“समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। क्रॉनिक बीमारियों की समय रहते पहचान कई जीवन बचा सकती है। द उम्मीद की यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है।”
महिलाओं के लिए विशेष हेल्थ & हाइजीन सेशन:
शिविर के दौरान द उम्मीद गर्ल्स विंग द्वारा महिलाओं के लिए महिला हेल्थ एवं हाइजीन अवेयरनेस सेशन का आयोजन किया गया।
गर्ल्स विंग प्रेसिडेंट हेमा के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र में 200 से अधिक महिलाओं को—
मासिक धर्म स्वच्छता
एनीमिया जागरूकता
जल स्वच्छता
महिला स्वास्थ्य अधिकार
के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सेनेटरी पैड वितरण भी किया गया।
“मुख्यधारा से वंचित बस्तियों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना हमारा लक्ष्य” — संस्थापक अमरजीत:
द उम्मीद के संस्थापक अमरजीत कुमार ने कहा,
“हमारा उद्देश्य उन समुदायों तक पहुँचना है जो अक्सर मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रहते हैं। द उम्मीद की टीम लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर बच्चे, हर महिला और हर परिवार तक बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता पहुँचे। आने वाले दिनों में और भी बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।”
ये रहे मौजूद:
कार्यक्रम में अमरेश यादव, मुकेश कुमार, द उम्मीद के उपाध्यक्ष आदेश कुमार, बोर्ड मेंबर अमन, पूजा, दीपक, प्रियंका, ब्यूटी, प्रियांशु सहित Vilkarsh Paramedical College के छात्र-छात्राएं एवं द उम्मीद टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे।











