Advertisement

समस्तीपुर में दो जगह भीषण आगलगी, लाखों की संपत्ति जलकर राख, जांच में जुटी पुलिस

–समस्तीपुर में दो जगह भीषण आगलगी, लाखों की संपत्ति जलकर राख, जांच में जुटी पुलिस

समस्तीपुर।जिले के वारिसनगर और उजियारपुर प्रखंड में हुई दो अलग-अलग आगलगी की घटनाओं ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। इन घटनाओं में लाखों रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहली घटना वारिसनगर प्रखंड के छोटी गोही गांव की है, जहां एक टेंट गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण शुरुआती कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। बाद में दमकल की टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।


इस घटना में टेंट हाउस संचालक मोहम्मद परवेज को भारी नुकसान हुआ है। गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार, लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति को आग लगाकर मौके से भागते हुए देखा गया। हालांकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
वहीं दूसरी घटना उजियारपुर प्रखंड के योगी चौक स्थित “विश्वकर्मा प्लाई एंड हार्डवेयर” दुकान में हुई, जहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग तेजी से फैलते हुए दुकान के पूरे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।
स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन दमकल की टीम के करीब एक घंटे बाद पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
फिलहाल दोनों ही मामलों में प्रशासन द्वारा जांच जारी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।