-सत्ता और संस्कार का संगम: गृह विभाग का प्रभार लेने से पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुँचे बाबा हरिहरनाथ मंदिर
-अपराध नियंत्रण व विकास पर किया बड़ा ऐलान
सोनपुर/पटना।ब्यूरो।
बिहार की सियासत में सोमवार को वह क्षण देखने को मिला, जब सत्ता और संस्कार का अद्भुत मेल दिखाई दिया। गृह विभाग की जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से संभालने से पहले उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुँचे। गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्होंने आगामी कार्यकाल के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर जयकारों और उत्साह से गूंज उठा। मंदिर प्रबंधन ने डिप्टी सीएम का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया।
अपराध नियंत्रण पर सख्त रुख:
मीडिया से बातचीत में सम्राट चौधरी ने अपराध व कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार है, और आगे भी यही सुशासन कायम रहेगा। अपराध पर किसी तरह की ढिलाई नहीं होगी और गृह विभाग पूरी तत्परता से काम करेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन हमारी पहचान है और इसे कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

सोनपुर को मिलेगी नई पहचान – बड़े विकास प्रोजेक्ट्स का ऐलान:
सोनपुर के विकास पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने बताया कि वे पहले ही हरिहरनाथ मंदिर को गोद ले चुके हैं, और अगले पाँच वर्षों में सोनपुर पूरी तरह बदलने वाला है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर का निर्माण शुरू होगा, जो धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनेगा।
इसके साथ ही उन्होंने सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में तैयारियाँ शुरू करने की घोषणा की। बताया जा रहा है कि इस परियोजना से पूरे उत्तर बिहार में व्यापार, रोजगार, पर्यटन और कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।
संदेश साफ – सुरक्षा और विकास दोनों पर तेज़ रफ्तार:
गृह विभाग की बागडोर सँभालने से पहले किया गया यह दौरा और सख्त बयान इस बात का संकेत है कि सम्राट चौधरी आने वाले दिनों में सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर आक्रामक रुख अपनाने वाले हैं।












