-सकरा में मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जदयू विधायक के खिलाफ विरोध तेज, लगे ‘लापता विधायक’ के पोस्टर
मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित आगमन से पहले ही मुजफ्फरपुर जिले के सकरा विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। जिले के इकलौते जदयू विधायक अशोक चौधरी के खिलाफ न सिर्फ पार्टी के ही नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है, बल्कि आम जनता भी विरोध के सुर में शामिल हो गई है। क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ‘लापता विधायक’ के पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।
जदयू के वरिष्ठ नेता एवं किसान-सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रवि भूषण ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, “पांच साल में विधायक ने एक भी काम नहीं कराया। जो कुछ काम हुआ भी, वह दूसरे दलों के प्रभाव में किया गया। इससे जदयू की छवि खराब हुई है।”
उन्होंने आगे कहा कि अब विधायक के पुत्र खुद लोगों से यह कहते घूम रहे हैं कि “पांच करोड़ में टिकट खरीदा गया है,” जिससे पार्टी और मुख्यमंत्री की साख पर प्रश्नचिन्ह लग गया है।

इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सकरा में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के लिए बुलाई गई पार्टी बैठक में भी कई नेताओं ने खुलकर विधायक के कार्यों पर सवाल उठाए। नेताओं ने यह तक कहा कि अगर अशोक चौधरी को दोबारा टिकट दिया गया तो पार्टी कार्यकर्ता उनका समर्थन नहीं करेंगे।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ है। इसी कारण जनता ने विधायक के ‘लापता होने’ के पोस्टर लगाकर अपना आक्रोश जाहिर किया है और उनके कार्यकाल का लेखा-जोखा मांग रही है।
अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन पर टिकी हैं कि क्या वे अपने ही विधायक के खिलाफ बढ़ते विरोध पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।
#MuzaffarpurPolitics #SakraVidhansabha #JDUVirodh #NitishKumarVisit #AshokChoudhary #MissingMLAPoster #BiharPolitics #JDUConflict #PoliticalStorm #MuzaffarpurNews












