-शिशु कल्याण कोचिंग सेंटर में मेधावी छात्रों का सम्मान, 40 बच्चों को मिला मेडल-ट्रॉफी
मुजफ्फरपुर/गायघाट। दीपक।प्रखंड के शिवदाहा 63 स्थित शिशु कल्याण कोचिंग सेंटर में मैट्रिक परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 छात्रों को मेडल, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गर्व से भरा रहा।
सम्मानित 40 छात्रों में से 36 ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की, जबकि प्रथम श्रेणी के करीब पहुंचने वाले 4 छात्रों को भी प्रोत्साहन के तौर पर सम्मानित किया गया, ताकि उनका मनोबल बना रहे।
इस अवसर पर कोचिंग के निदेशक विजय कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कुछ छात्रों का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, लेकिन उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि और मेहनत कर आगे बढ़ना चाहिए।
संस्थान के प्राचार्य दयाशंकर श्रीवास्तव ने भी छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें जीवन में सफल नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कोचिंग से रिकॉर्ड 10 छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।

कार्यक्रम की एक खास बात यह रही कि छात्र विवेकानंद, जिसने 80.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, असंतुष्टि के कारण समारोह में शामिल नहीं हुआ। इसके बावजूद प्राचार्य दयाशंकर श्रीवास्तव और शिक्षक रवि आनंद उसके घर जाकर उसे मेडल, ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और नगद राशि देकर सम्मानित किया।
रैंक 1 से 10 तक के छात्रों को विशेष पुरस्कार के रूप में 1100 रुपये नगद प्रदान किए गए। इन मेधावी छात्रों में संध्या कुमारी, स्नेहा कुमारी, विवेक कुमार, श्वेता भारती, अंकित कुमार, शिवानी कुमारी, अभिषेक कुमार, गीतांजलि कुमारी, अजीत कुमार और विवेकानंद शामिल हैं।
गौरतलब है कि पिछले 30 वर्षों से संचालित शिशु कल्याण कोचिंग सेंटर अपने शत-प्रतिशत रिजल्ट के लिए क्षेत्र में चर्चित रहा है। समारोह में कोचिंग के शिक्षक मोहम्मद निराले, रवि आनंद, चंद्रशेखर, राजेश कुमार, शुभम कुमार और अनुज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











