Advertisement

शिवशक्ति धाम में शिव विवाह महोत्सव की धूम, भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु

–शिवशक्ति धाम में शिव विवाह महोत्सव की धूम, भक्ति गीतों पर झूमते रहे श्रद्धालु

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक।मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड स्थित शिवशक्ति धाम, बरियारपुर मोहनपुर में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित महायज्ञ महोत्सव सह संगीत सम्मेलन के 39वें अधिवेशन के तहत रविवार को शिव विवाह महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
धर्मादा कमिटी के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में मिथिला के प्रसिद्ध कलाकार अमलेश जी एवं उनकी टीम ने पारंपरिक विवाह गीतों और भक्तिमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीतमय शिव विवाह प्रसंग के दौरान भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, राधा-कृष्ण, हनुमान तथा भूत-प्रेत की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। साथ ही झिझिया नृत्य एवं मैथिली, हिंदी और भोजपुरी गीतों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा परिसर भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर दिखा।


महाशिवरात्रि के मौके पर बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर में बाबा बुद्धेश्वरनाथ महादेव और माता पार्वती का भव्य महाशृंगार भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में धर्मादा कमिटी के उपाध्यक्ष कौशल किशोर ठाकुर सहित सीताराम सिंह, नारायण गिरी, रमेश ठाकुर, राघवेंद्र ठाकुर, मुकेश सिंह, संजीव ठाकुर, मुनचुन ठाकुर, अजीत शरण, गोलू गिरी, बैजू झा और अखिलेश गिरी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
शिव विवाह महोत्सव ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।