Advertisement

शिवदाहा में मां भगवती मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन, वर्षों का इंतजार हुआ खत्म

🛕 –शिवदाहा में मां भगवती मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन, वर्षों का इंतजार हुआ खत्म

-श्रद्धालुओं को मिलेगा नया आध्यात्मिक केंद्र, कल से शुरू होगा निर्माण कार्य

मुजफ्फरपुर/ गायघाट | दीपक कुमार
गायघाट प्रखंड के शिवदाहा पंचायत अंतर्गत शिवदाहा तिरसठ गांव स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर के नए भवन निर्माण को लेकर शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच पंडित चंद्रशेखर उपाध्याय ने आधारशिला रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
ग्रामीण समाजसेवी सह पंचायत सदस्य पति विजय कुमार राय ने बताया कि मां भगवती का यह मंदिर काफी पौराणिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है। समय के साथ मंदिर जर्जर हो गया था, जिस कारण इसके भव्य पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब भूमि पूजन के साथ ही वर्षों का इंतजार समाप्त हो गया है और शनिवार से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।


मंदिर निर्माण को लेकर गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। मंदिर बनकर तैयार होने के बाद श्रद्धालुओं को मां भगवती के दर्शन-पूजन के लिए एक सुसज्जित और भव्य आध्यात्मिक केंद्र मिलेगा, जिससे धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में संतोष यादव, नीतीश कुमार, डोमू यादव, ऋषि उपाध्याय, राजेश कुमार सिंह, शत्रोहन यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।