–शादी का झांसा देकर 7 साल तक शोषण का आरोप, बैरगनिया थानाध्यक्ष पर छात्रा ने दर्ज कराई शिकायत
सीतामढ़ी/पटना।
बिहार के सीतामढ़ी जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बैरगनिया थाना प्रभारी राहुल कुमार पर एक छात्रा ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस मामले में पटना के शास्त्री नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की मांग को लेकर सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन से भी गुहार लगाई है।
पीड़िता अवंतिका कुमारी मूल रूप से सहरसा जिले की रहने वाली है और वर्तमान में पटना में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही है। युवती का आरोप है कि बैरगनिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने करीब सात वर्षों तक शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती थी, आरोपी किसी न किसी बहाने उसे टाल देता था।

पीड़िता के अनुसार, 9 मार्च को आरोपी अधिकारी ने चुपचाप किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से की।
तस्वीरें और डिजिटल सबूत किए साझा
पीड़िता ने अपने आरोपों को साबित करने के लिए आरोपी के साथ अपनी कई तस्वीरें और डिजिटल साक्ष्य मीडिया व पुलिस के सामने पेश किए हैं। इन तस्वीरों को मामले में महत्वपूर्ण सबूत माना जा रहा है, जिससे दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आ रही है।
कानूनी कार्रवाई की उम्मीद:
कानूनी जानकारों के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाना दंडनीय अपराध है। दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कड़ी सजा का प्रावधान है।
फिलहाल इस घटना के सामने आने के बाद पूरे सीतामढ़ी जिले में चर्चा का माहौल है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन अपने ही अधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर क्या कार्रवाई करता है।











