-शहर की सुरक्षा के लिए आगे आएं नागरिक, ओवरहेड केबल हटाने में दें सहयोग
मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा शहर के प्रमुख क्षेत्रों जैसे बैंक रोड, सुत्ता पट्टी, गोदाम गली, लहठी बाजार एवं कंपनी बाग में फेसलिफ्टिंग परियोजना के अंतर्गत भूमिगत विद्युतिकरण का कार्य एक वर्ष पूर्व ही पूर्ण किया जा चुका है। इसके उपरांत भी इन मार्गों पर ओएफसी केबल, जनरेटर केबल एवं अन्य ओवरहेड तार अव्यवस्थित रूप से लटके हुए हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा परियोजना पूर्ण होने के बाद कई बार नागरिकों, दुकानदारों एवं संबंधित एजेंसियों से अपील की जा चुकी है। इसके साथ ही पूर्व में दो बार विशेष अभियान चलाकर ओवरहेड केबल हटाने की कार्रवाई भी की गई। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा बार-बार केबल टांग दिए जा रहे हैं, जिससे न केवल जनसुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि शहर की सुन्दरता भी प्रभावित हो रही हैं।

जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर सभी संबंधित लोगों को 10 (दस) दिवस की समयसीमा प्रदान की जाती है, ताकि वे अपने ओवरहेड केबल स्वयं हटना सुनिश्चित करें।
निर्धारित समयावधि के पश्चात यदि पुनः ओवरहेड केबल पाए जाते हैं, तो नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति, एजेंसी की होगी।
इस संबंध में उप नगर आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि “भूमिगत विद्युतिकरण का कार्य स्मार्ट सिटी द्वारा एक वर्ष पहले पूरा हो चुका है। इसके बाद भी बार-बार केबल टांगे जाना गंभीर सुरक्षा जोखिम है। दो बार अभियान चलाकर केबल हटाए गए, फिर भी स्थिति दोहराई जा रही है। अतः नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।”
नगर निगम मुजफ्फरपुर एवं स्मार्ट सिटी सभी नगरवासियों, दुकानदारों एवं भवन स्वामियों से पुनः अपील करता है कि वे नियमों का पालन करें और शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।








