-वैशाली में दिनदहाड़े गोली मारकर अधेड़ की हत्या, मामूली बात पर चली गोली; आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
राजापाकर/वैशाली, संजय श्रीवास्तव:
वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के खिलवत बजरंगवली चौक के पास बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे मामूली विवाद में बदमाशों ने एक अधेड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी चंदेश्वर दास के पुत्र रंजीत दास के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि रंजीत दास झारखंड में ट्रक चलाने का काम करता था और होली के मौके पर अपने घर आया हुआ था। बुधवार को वह अपने घर के पास चार लोगों के साथ बैठकर होली पर बने पकवान खा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे आरोपी राजेश सिंह से रंजीत दास ने सिर्फ हालचाल पूछा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने पिस्टल निकालकर रंजीत दास के सीने में गोली मार दी।

गोली लगने से रंजीत दास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर एसपी, डीएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामूली विवाद में हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की तहकीकात की जा रही है।












