-वैशाली में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
राजापाकर/वैशाली। संजय श्रीवास्तव।
बराटी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव की रहने वाली दीपक पासवान की 32 वर्षीय पत्नी रानी देवी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने मायके से वापस घर लौट रही थी।
बताया जाता है कि सेखोपुर सहरिया के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बराटी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
मृतका अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मृतका के पति दीपक पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग कर रहे हैं।









