Advertisement

वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी हमले के विरोध में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) का प्रतिवाद जुलूस, ट्रंप का पुतला दहन

-वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी हमले के विरोध में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) का प्रतिवाद जुलूस, ट्रंप का पुतला दहन

मुजफ्फरपुर।
विगत 3 जनवरी की अहले सुबह वेनेजुएला पर कथित अमेरिकी बमबारी और राष्ट्रपति निकोलस मदुरो व उनकी पत्नी की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) मुजफ्फरपुर जिला कमिटी की ओर से प्रतिवाद जुलूस निकाला गया। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया।
पुतला दहन से पूर्व मोतीझील स्थित जिला कार्यालय से सुसज्जित जुलूस निकाला गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए छोटी कल्याणी पहुंचा। वहां ट्रंप का पुतला दहन कर प्रतिवाद सभा का आयोजन किया गया।


सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के जिला सचिव कॉमरेड अर्जुन कुमार ने कहा कि वेनेजुएला में दुनिया का सबसे बड़ा तेल भंडार है। तेल पर कब्जा करने तथा उस देश की संप्रभुता, राजनीति और अर्थव्यवस्था पर नियंत्रण के उद्देश्य से ही राजधानी काराकस को निशाना बनाकर कथित रूप से क्रूर बमबारी और सैन्य हमला किया गया। उन्होंने इसे न केवल वेनेजुएला, बल्कि पूरी विश्व मानवता के खिलाफ खुली चुनौती बताया और विश्व शांति के लिए न्यायप्रिय लोगों से आगे आने की अपील की।
पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य कॉमरेड लाल बाबू महतो ने कहा कि अमेरिकी साम्राज्यवाद प्राकृतिक संसाधनों पर आधिपत्य जमाने की नीति के तहत पहले भी इराक और लैटिन अमेरिका के कई देशों पर हमला कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर कठपुतली सरकारें बनाकर अमेरिकी पूंजीपतियों के हित साधे गए। वेनेजुएला पर कथित हमला भी इसी नीति का हिस्सा है।
कार्यक्रम को जिला कमिटी सदस्य काशीनाथ सहनी, नरेश राम, अरविंद कुमार, विपिन कुमार ठाकुर, कुमोद राम, लाल बाबू राय, अमन कुमार झा, संजीत माझी, कालिकांत झा, शिव कुमार, इंदु देवी, प्रेम कुमार राम, उदय झा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने अमेरिकी हस्तक्षेप के खिलाफ आवाज बुलंद करने और वेनेजुएला की संप्रभुता व अधिकारों की रक्षा के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया।