-विवाह पंचमी महोत्सव: जानकी माता को अर्पित की गई 111 मीटर लंबी चुनरी, भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
जनकपुरधाम। रिपोर्ट: मिश्री लाल मधुकर।
विवाह पंचमी महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को जानकी मंदिर में माता जानकी को 111 मीटर लंबी चुनरी भव्य विधि-विधान के साथ अर्पित की गई। यह चुनरी अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ की ओर से भक्तिभावपूर्वक प्रदान की गई थी।
चुनरी को सीताराम गौशाला के अध्यक्ष मनोज कुमार रूंगठा की अगुवाई में गाजा-बाजा और भक्तिमय कीर्तन के साथ शोभायात्रा के रूप में निकाला गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यह चुनरी जानकी मंदिर परिसर तक पहुंचाई गई।

मंदिर पहुंचने पर चुनरी को जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव को गर्भगृह में समर्पित किया गया, जहां परंपरागत विधि से पूजा-अर्चना कर माता जानकी को अर्पित किया गया।
इस पावन अवसर पर मारवाड़ी सेवा समिति के अध्यक्ष निर्मल चौधरी, महासचिव प्रमोद अग्रवाल, उद्योगपति एवं समाजसेवी ओम सर्राफ, सोहनलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भक्त और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं ने इसे माता जानकी के प्रति समर्पण और आस्था का अनूठा प्रतीक बताया।














